Jharkhand

कोरोना संक्रमितों की मदद के लिए कांग्रेस भवन में खुला ऑक्सीजन बैंक Ranchi News

रांची, जासं। झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष प्रवक्ता कुमार राजा के नेतृत्व में शनिवार को रांची के कांग्रेस भवन में ऑक्सीजन बैंक खोला गया। ऑक्सीजन बैंक का उद्घाटन वित्त मंत्री डाॅ. रामेश्वर उरांव ने किया। इस मौके पर वित्त मंत्री डाॅ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि प्रदेश युवा कांग्रेस कमिटी के प्रयास से कांग्रेस भवन, रांची में ऑक्सीजन बैंक खोला गया है, जो काफी सराहनीय कदम है। इसके माध्यम से सभी जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क 24 घंटे ऑक्सीजन कॉन्सेन्ट्रेटर मशीन, ऑक्सीमीटर, मास्क, सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जाएगा।

डाॅ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कोरोना की पहली लहर व दूसरी लहर में बेहतर ढंग से जनता की सेवा में लगी रही। मास्क, सैनिटाइजर, सूखा राशन लगातार लोगों के बीच बांटा गया। वहीं दूसरी लहर में इन सब चीजों के अलावा ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन मशीन, एंबुलेंस की सुविधा प्रदान कर जनता की सेवा में कांग्रेस पार्टी हमेशा उपलब्ध रही है। वहीं युवा कांग्रेस के प्रदेश कुमार गौरव ने कहा कि युवा कांग्रेस के द्वारा ऑक्सीजन बैंक का बेहतर संचालन किया जाएगा।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर कार्य कर लोगों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में अपना योगदान देंगे। झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष सह प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता कुमार राजा ने कहा कि कांग्रेस भवन, रांची में बनाए गए ऑक्सीजन बैंक युवा कांग्रेस, एनएसयूआइ, कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं के द्वारा बेहतर ढंग से संचालित किया जाएगा। क्षेत्र में घुम-घुमकर जरूरतमंद मरीजों को मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा तथा कांग्रेस के कार्यकर्ता ही ऑक्सीजन मशीन की निगरानी करेंगे।

इन सभी सुविधाओं को जन-जन में प्रचार-प्रसार के लिए कांग्रेस पार्टी एक टाेल फ्री नंबर जारी करेगी। इससे लोगों को अवगत कराया जाएगा ताकि सभी लोग कांग्रेस पार्टी की सेवा ले सकें। इस अवसर पर मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर, संजय लाल पासवान, संगठन प्रभारी रवीन्द्र सिंह, विधायक राजेश कच्छप, अम्बा प्रसाद, प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, शमशेर आलम, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, सोशल मीडिया प्रभारी गजेन्द्र सिंह, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडेय उपस्थित थे।

Source :
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top