Uttar Pradesh

UP डिप्टी सीएम ने सहारनपुर को दी 923 करोड़ की योजनाओं की सौगात, तकनीकी खराबी से दौरा हुआ था रद्द

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। विमान में तकनीकी खराबी के चलते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहारनपुर कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। जिसके बाद लखनऊ से ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री ने मंडल की 923 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे स्वयं को उपमुख्यमंत्री मानकर जन सेवा के कार्यों में लग जाएं। अधिकारी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कदापि नजरअंदाज करने का काम न करें।

42 मिनट के संबोधन में कई घोषणा

शुक्रवार को शहीद निशांत शर्मा मार्ग स्थित सर्किट हाउस के प्रांगण में आयोजित शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ में विमान में आई तकनीकी खराबी के चलते शामिल नहीं हो सके थे। आनन-फानन में मंच पर बड़ी स्क्रीन लगाकर लखनऊ से ही उनके कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल होने की तैयारी की गई थी। अपने करीब 42 मिनट के संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने घोषणा की कि जिले के जनप्रतिनिधियों की मांग पर यूपी से हरियाणा को जोड़ने वाले पुल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस काम को नोट कर लें और आगे बढ़ाने का काम करें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव नहीं किया। सभी क्षेत्रों का समान रूप से विकास कराया। सबका साथ सबका विकास भाजपा का मूल मंत्र है। कोरोना महा संकट में कोई भूखा नहीं सोए। इसके लिए प्रधानमंत्री गरीब अन्य कल्याण योजना से देश भर में 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाभान्वित करने का काम किया गया।

2022 में 300 सीट जीतेगी भाजपा: मौर्या

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा की विधानसभा की एक नंबर सीट सहारनपुर जनपद में है। जबकि 403 नंबर सीट सोनभद्र जिले में है। भाजपा की आंधी चल रही है और 2022 के चुनाव में 300 से अधिक सीटें भाजपा जीत कर फिर सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि 100 प्रतिशत वोट में 60 प्रतिशत हमारा है और बाकी 40 में बटवारा है और इस बंटवारे में भी हमारा हिस्सा है। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडल में वे सीटें भी जिताने का काम करें। जिनमें पिछली बार हम नहीं जीत सके थे। खिलाड़ियों मेधावी छात्र-छात्राओं शहीद सैनिकों और पुलिस जवानों को सम्मान देने का काम लोक निर्माण विभाग के माध्यम से किया गया। बाद में उन्होंने वर्चुअल रूप से हाथ में रिमोट लेकर पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं का आह्वान किया कि वे सभागार में शिलान्यास व लोकार्पण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाएं।

एक माह के भीतर काम शुरू करने के निर्देश

160 करोड़ की लागत के 136 लोकार्पण और 783 करोड़ की लागत से 154 कार्यों के शिलान्यास किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे 1 माह के भीतर इन शिलान्यास व लोकार्पण पट को उनके स्थान पर जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में स्थापित कर काम की शुरुआत करें।

कार्यक्रम में आयुष राज्यमंत्री डॉक्टर धर्म सिंह सैनी, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, मेयर संजीव वालिया, पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन के अलावा शामली सहारनपुर और मुजफ्फरनगर से भाजपा के विधायक अन्य पदाधिकारी और नेता शामिल रहे।  

Source :
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top